बिलसंडा-बीसलपुर में महिलाओं से कुंडल लूटने वाले दो टप्पेबाज गिरफ्तार

दो तमंचे, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और लूटे गए कुंडल बरामद, दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया

अदनान खान। पीलीभीत

बिलसंडा और बीसलपुर क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर टप्पेबाजी के जरिए कुंडल लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल तथा लूटा गया सामान बरामद किया गया है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने बताया कि 3 जून को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चाट फिरोज़पुर निवासी कुसुम पत्नी रामचंद्र बिलसंडा क्षेत्र के पगार गांव में अपने दामाद के घर आई थी। वह सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें बातों में उलझाकर कुंडल लूट लिए और फरार हो गए।

इसके अगले दिन 4 जून को बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कासिमपुर निवासी सुनीता पत्नी सुरेश को भी आरोपियों ने अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने महिला को झांसे में लेकर उसके कुंडल उतरवाए और टप्पेबाजी कर मौके से फरार हो गए।दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा के निर्देश पर बीसलपुर, बिलसंडा और सर्विलांस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार, 6 अगस्त को बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम रमपुरा नगरिया, संजीव पुत्र श्यामपाल निवासी मोहल्ला दुर्गा प्रसाद कोतवाली बीसलपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु चौधरी, उपनिरीक्षक सरकार अली, हेड कांस्टेबल मुनेश कुमार, कांस्टेबल रवि कुमार तथा कांस्टेबल सन्नी कुमार शामिल रहे।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *