यूपीआई शुल्क के विरोध में सड़कों पर उतरे व्यापारी, सरकार का पुतला दहन

- जीएसटी सर्वे और ऑनलाइन कारोबार को लेकर व्यापारियों ने जताया आक्रोश
- यूपीआई पर शुल्क वापस न लेने पर 15 अक्टूबर से ऑनलाइन भुगतान बहिष्कार का ऐलान
पायनियर समाचार सेवा। उत्तरकाशी। केंद्र एवं राज्य सरकार की कथित व्यापारी विरोधी नीतियों के विरोध में जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तरकाशी ने मंगलवार को हनुमान चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। व्यापारियों ने यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने, जीएसटी सर्वे के नाम पर उत्पीड़न करने तथा आनलाइन कारोबार को बढ़ावा देकर पारंपरिक व्यापार को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी ने कहा कि
ऑनलाइन
भुगतान व्यवस्था से सरकार को जीएसटी संग्रह और आयकर राजस्व में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक को नए नोट छापने पर होने वाले खर्च में भी कमी आई है तथा बैंकों में जमा राशि बढ़ने से उन्हें ऋण वितरण के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से काले धन पर भी अंकुश लगा है और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इसके बावजूद यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने का निर्णय व्यापारियों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से ही
ऑनलाइन
कंपनियों और बड़े मॉल के कारण छोटे व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और ऐसे में अतिरिक्त शुल्क का बोझ उन्हें और अधिक प्रभावित करेगा।
जिला महामंत्री अजय प्रकाश बडोला ने कहा कि यदि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियां व्यापारियों के विरोध में इसी प्रकार जारी रहीं तो आने वाले चुनावों में सरकार को भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूपीआई पर प्रस्तावित शुल्क वापस नहीं लिया गया तो 15 अक्टूबर से व्यापारी आॅनलाइन भुगतान का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को तत्काल स्वीकार करने की मांग की। उनका कहना था कि छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को व्यापारी संगठनों से संवाद स्थापित कर व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए। पुतला दहन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी, महामंत्री अजय प्रकाश बडोला, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र बत्रा, संगठन मंत्री रमेश चंदोक, नरेश शर्मा, जोशियाड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष उत्तम गोसाई, मानसिंह गोसाई, मनमोहन थलवाल, सत्य पवार, इश्तियाक अहमद धीरज सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



