दिल्ली में पकड़ी गई पाकिस्तानी हेरोइन, गैंगस्टर रोहित गोदारा का नार्को-मॉड्यूल ध्वस्त; एक गिरफ्तार


नई दिल्ली। गैंगस्टर रोहित गोदारा के मुख्य सहयोगी महेंद्र डेलाना द्वारा चलाए जा रहे एक बड़े नार्को-एक्सटॉर्शन मॉड्युल का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच ने संयुक्त ऑपरेशन में भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने टीम ने पाकिस्तान में बनी दो किलाग्राम हेरोइन बरामद करते हुए राजस्थान के चुरू के कुलदीप स्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपित वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज 10 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में वांछित था। जिसमें रंगदारी की रकम की पहली किस्त दिल्ली में ली जानी थी। यह सिंडिकेट कई स्तरों वाला नेटवर्क चलाता था, जो रंगदारी के पैसे इकट्ठा करने और ड्रग्स की तस्करी के लिए काम करता था। स्पेशल सेल के नारा चैतन्य के मुताबिक, वडोदरा क्राइम ब्रांच से मिली पक्की जानकारी के आधार पर एसीपी राहुल कुमार सिंह की देखरेख में और इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार और अजीत सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया। 12 सितंबर की शाम लगभग 5:30 बजे गुप्त सूचना पर चांदनी चौक, कूचा घासी राम स्थित बीकानेर स्वीट्स के पास कुलदीप स्वामी को दबोचा गया।



