यमुनानगर पहुंचने से पहले हादसे में रिसर्च साइंटिस्ट की मौत, क्षतिग्रस्त कार में मिला शव

शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर बाबरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में रिसर्च साइंटिस्ट की मौत हो गई। वह दिल्ली से दोस्त की कार लेकर यमुनानगर स्थित अपने घर जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने वाहन के अंदर से उनका शव बरामद किया।
मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी विशाल के रूप में हुई है। वह ग्रेटर नोएडा स्थित टेवा एपीआई इंडिया लिमिटेड में रिसर्च साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत थे। शनिवार शाम कंपनी के वार्षिक कार्यक्रम में उन्हें परिवार के साथ शामिल होना था। इसके लिए वह दिल्ली से यमुनानगर जा रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे में उनकी जान चली गई। विशाल के दोस्त सुमित कुमार ने बताया कि वह करीब पांच साल से उनके साथ काम कर रहे थे। शुक्रवार को विशाल अपने दोस्त शुभम की कार लेकर दिल्ली से निकले थे। रास्ते में पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाते समय उन्होंने सुमित से फोन पर बातचीत की थी। विशाल ने बताया था कि वह यमुनानगर जाने वाली किसी सवारी का इंतजार कर रहे हैं, ताकि साथ में जा सकें। करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद कोई सवारी नहीं मिली तो वह अकेले ही यमुनानगर के लिए रवाना हो गए। करीब डेढ़ घंटे बाद सुमित के पास शामली पुलिस का फोन पहुंचा। पुलिस ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। कुछ देर पहले ही जिस दोस्त से फोन पर बातचीत हुई थी, उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार और परिचितों को विश्वास नहीं हुआ।
शनिवार सुबह परिजन शामली के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। विशाल के चचेरे भाई संकेत ने बताया कि विशाल के पिता अश्वनी कुमार डेंटिस्ट थे और यमुनानगर में क्लीनिक चलाते थे। करीब 15 साल पहले उनका निधन हो गया था। उनकी मां पूनम गांव बहरामपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। विशाल के परिवार में पत्नी प्रिया और करीब एक साल का बेटा है। परिजन के मुताबिक, विशाल को बेटे से मिलने की खुशी थी और शनिवार शाम कंपनी के कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल होने की तैयारी थी। हादसे के बाद खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। कंपनी में भी हादसे की सूचना मिलने पर शोक की लहर दौड़ गई। बाबरी थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार के अंदर युवक का शव मिला था। घटनास्थल के आसपास जांच करने पर फिलहाल कोई दूसरा वाहन नहीं मिला है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा की मदद से हटवाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।



