ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की रेस बनी काल, दो की मौत

भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को एक-दूसरे से आगे निकालने की होड़ में हुआ हादसा
सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र में रुड़की-पंचकूला नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक खतरनाक रेस ने दो जिंदगियां लील लीं। भूसे से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गईं।
हादसा सुबह करीब 7 बजे गांव जगैता नजीब कट के पास हुआ। ट्रॉलियां पलटते ही करीब चार लोग भूसे के ढेर में दब गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
सीओ नकुड़ जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन और राहगीरों की मदद से बामुश्किल भूसा हटाकर चारों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान वसीम और गुलजार निवासी गांव नौजली, थाना नागल के रूप में हुई। घायलों में शौकीन और उस्मान निवासी नौजली, नागल का उपचार चल रहा है।
बताया गया दोनों ट्रॉलियां यमुनानगर से भूसा भरकर देहरादून जा रही थीं। प्रत्येक पर करीब 10 लोग सवार थे। यदि उसी समय हाईवे पर कोई अन्य वाहन आता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। तेज रफ्तार और लापरवाही ने फिर साबित किया कि रेस सड़क पर मौत को दावत है।



