सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप-सी): चार्ली सोलंकी के नाबाद शतक से गुजरात ने सिक्किम को 8 विकेट से रौंदा
तमिलनाडु ने त्रिपुरा को 32 रन, विदर्भ ने पंजाब को 5 और रेलवे ने केरल को 8 विकेट से दी शिकस्त

रघुबीर शर्मा। लखनऊ
इकाना क्रिकेट स्टेडियम के मेन व बी ग्रांउंपर पर खेले जा रहे सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप-सी) के मुकाबलों में मंगलवार को गुजरात, तमिलनाडु, विदर्भ और रेलवे की टीमों ने अपने शानदार खेल के दम पर जीत दर्ज कर पूरे 4-4 अंक हासिल किए। इकाना क्रिकेट स्टेडियम के मेन ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में गुजरात ने सिक्किम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिक्किम की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। सिक्किम से समयिता ने 42 रन, आशना पाटीदार ने नाबाद 38 रन और प्रतीका छेत्री ने 27 रनों का योगदान दिया। गुजरात की तरफ से गेंदबाजी में जीया जैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जवाब में गुजरात की टीम ने महज 15.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 128 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। गुजरात की ओर से चार्ली सोलंकी ने मैदान के चारों तरफ आक्रामक शॉट खेलते हुए महज 62 गेंदों में 18 चौकों की मदद से नाबाद 101 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा रेणुका चौधरी ने नाबाद 21 रन बनाए। सिक्किम की तरफ से लीजा लेप्चा और प्रणिता छेत्री को 1-1 विकेट मिला। चार्ली सोलंकी को प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार मिला।
दयालन हेमलता का आलराउंड प्रदर्शन: इकाना क्रिकेट स्टेडियम के मेन ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में तमिलनाडु ने त्रिपुरा को 32 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 155 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तमिलनाडु की तरफ से कप्तान दयालन हेमलता ने 42 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा जी. कमलानी ने 44 रन और एस.जी. श्रिनिथी ने 28 रन बनाए। त्रिपुरा की ओर से गेंदबाजी में अन्नापूर्णा दास ने 3 विकेट, जबकि पुजा दास और तमन्ना निगम ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में त्रिपुरा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। त्रिपुरा की ओर से अंबेशा दास ने नाबाद 26 रन, मौचट्टी देबनाथ ने 25 रन, झुमकी देबनाथ ने 24 रन और तमन्ना निगम ने 04 रन बनाए। तमिलनाडु की ओर से कीर्तना बी. को सफलता मिली जबकि दयालन हेमलता और अक्षरा श्रीनिवासन ने 1-1 विकेट चटकाए। आॅलराउंड प्रदर्शन के लिए दयालन हेमलता को प्लेयर आॅफ द मैच बनी।
दिशा कासट की अर्धशतकीय पारी से विदर्भ विजयी : इकाना क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड-बी पर खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने पंजाब को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 149 रन बनाए। पंजाब से कनिका आहूजा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 13 चौकों की मदद से नाबाद 83 रनों की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा हरसिमरन कौर ने 35 रन बनाए। विदर्भ की तरफ से गेंदबाजी में कोमल,नुपुर और मोना मेश्राम ने 1-1 विकेट झटका। जवाब में विदर्भ की टीम ने 19.1 ओवरों में 5 विकेट खोकर 151 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विदर्भ की ओर से दिशा कासट ने 52 गेंदों में 7 चौकों की मदद से नाबाद 66 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली उनके अलावा भारती फुलमाली ने 45 रन और रितिका इनामदार ने नाबाद 17 रनों का योगदान दिया। पंजाब की ओर से अक्षिता भगत ने 3 विकेट लिए। दिशा कासट प्लेयर आफ द मैच बनी।
रेलवे की जीत में चमकीं एकता बिष्ट और आरुषि : इकाना स्टेडियम के मैन ग्राउंड पर खेले गये एक अन्य मुकाबले में रेलवे ने केरल को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केरल की टीम रेलवे की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 110 रन बनाकर आॅलआउट हो गई। केरल की ओर से वासु द्रिश्या ने सर्वाधिक 42 रन और अच्चू अक्षया ने 35 रन बनाए। रेलवे की ओर से स्पिनर एकता बिष्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा तनुजा कंवर ने 3 विकेट और पूनम सोनी ने 1 विकेट झटका। जवाब में रेलवे की टीम ने बेहद आसानी से 18.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 111 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। रेलवे की ओर से आरुषि गोयल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं रिया चौधरी ने 36 रन बनाए। केरल की ओर से आशा शोभना और निया नाजनीन को 1-1 विकेट मिला। एकता बिष्ट प्लेयर आफ द मैच बनीं।



