देवा मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी की पैनी नजर, सीसीटीवी और ट्रैफिक प्रबंधन का लिया जायजा

कंट्रोल रूम, पार्किंग, फायर ब्रिगेड और मेडिकल कैंप की व्यवस्था पर दिए निर्देश, सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागी बालिकाओं को किया पुरस्कृत
बाराबंकी। देवा मेले को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मेला परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम और विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता व कवरेज की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों और जायरीनों के आवागमन वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने मेले में आने वाले जायरीनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था और पार्किंग स्थलों की स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था और मेडिकल कैंपों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। पुलिस प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा, सुचारु आवागमन और जायरीनों की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।




