अक्षत जायसवाल की 74 रनों की पारी, अमोघ मंध्यान ने झटके चार विकेट; डीपीएस एल्डेको की शानदार जीत
डीपीएस एल्डेको की जीत में अक्षत जायसवाल की 74 रनों की शानदार पारी और अमोघ मंध्यान की किफायती गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।

पायनियरसमाचार सेवा
लखनऊ । एसएआर ग्राउंड, बीकेटी में खेले गए मुकाबले में डीपीएस एल्डेको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी की बी टीम को 85 रनों से हरा दिया। डीपीएस एल्डेको ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 151 रन बनाए। जवाब में विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी की बी टीम 66 रन पर सिमट गई। डीपीएस एल्डेको की जीत में अक्षत जायसवाल की 74 रनों की शानदार पारी और अमोघ मंध्यान की किफायती गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।
डीपीएस एल्डेको की ओर से अक्षत जायसवाल ने 74 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ऋषित ने नौ गेंदों पर 16 रन की तेज पारी खेली, जबकि अमोघ ने 20 गेंदों पर 13 रन का योगदान दिया। टीम ने निर्धारित पारी में छह विकेट खोकर 151 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विवेकानंद मॉडर्न एकेडमी की बी टीम डीपीएस एल्डेको के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 66 रन पर आउट हो गई। सक्षम ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। अमोघ मंध्यान ने 11 रन देकर चार विकेट हासिल किए। भाव्ये ने 11 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि क्रिदय ने एक रन देकर दो विकेट लिए। डीपीएस एल्डेको के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने विपक्षी टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। शानदार बल्लेबाजी के लिए अक्षत जायसवाल को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जबकि अमोघ मंध्यान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का सम्मान मिला। डीपीएस एल्डेको ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में प्रभावी प्रदर्शन कर मुकाबला अपने नाम किया।



