रानीगंज में संपूर्ण समाधान दिवस में आर्इं 200 शिकायतें, 10 का हुआ निस्तारण

प्रतापगढ़। डीएमअभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील रानीगंज में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए कुल 200 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज करार्इं, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 104, पुलिस विभाग की 66, विकास विभाग की 11 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 19 शिकायतें शामिल रहीं।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि शिकायतकर्ता निस्तारण की प्रक्रिया से संतुष्ट हों। भूमि संबंधी विवादों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी रानीगंज अनुराग सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



