बाढ़ का पानी घटा, लेकिन राहत में जुटी है डॉ. नीरज बोरा की नारंगी टीम
15वें दिन भी प्रभावित इलाकों में राशन-पेयजल वितरण, समरसेबल ठीक कराने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटे कार्यकर्ता

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। बाढ़ का पानी घटने के बाद भी प्रभावित परिवारों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। ऐसे में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा की नारंगी टीम लगातार 15वें दिन भी राहत और सेवा कार्यों में जुटी है। शनिवार को टीम ने डालीगंज के गुड़ियांपुरवा और फैजुल्लागंज की मामा कॉलोनी, पीली कॉलोनी, गणेश विहार व दुर्गापुरी कॉलोनी में जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री और पेयजल वितरित किया। टीम के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों को दाल, चावल, आटा, रिफाइंड तेल, नमक समेत अन्य जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
साथ ही पीने के पानी की बोतलें भी बांटीं, जिससे बाढ़ के बाद परेशानियों का सामना कर रहे लोगों को राहत मिल सके।राहत वितरण के साथ टीम ने मूलभूत सुविधाओं को बहाल कराने में भी सहयोग किया। दुर्गापुरी और पीली कॉलोनी में खराब पड़े सरकारी समरसेबल को कर्मचारियों की मदद से ठीक कराने में सहयोग दिया। इसके अलावा नगर निगम कर्मचारियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई, ताकि बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित इलाकों में स्वच्छता बनाए रखी जा सके। डॉ. नीरज बोरा की नारंगी टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने के साथ पेयजल और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटी है। राहत कार्यों में सतीश वर्मा, प्रदीप शुक्ला, लवकेश सिंह, अनिल मिश्रा, मयंक मिश्रा, गौरव अवस्थी और शैलेंद्र सरकार समेत टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।



