गर्भवती महिला की मौत के मामले में पति सहित ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज

पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। सरोजनीनगर बंथरा इलाके में गुरुवार को गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मृतका के ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्नाव जिले के नवाबगंज निवासी लाल बहादुर के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी सपना की शादी 26 नवंबर 2020 को बंथरा के रामगढ़ी निवासी रामेश्वर के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति रामेश्वर दहेज और पैसों को लेकर सपना को प्रताड़ित करता था।
उन्होंने बेटी और दामाद को कारोबार के लिए 15 लाख रुपए आरटीजीएस से दिए थे। बाद में 10 लाख रुपए नकद भी दिए, जिन्हें दामाद ने जुए में गंवा दिया। इसी विवाद में पति, सास, ससुर और ननद ने सपना के साथ मारपीट की। जिससे वह घायल हो गई। बाद में तीन माह की गर्भवती सपना को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल लाल बहादुर की तहरीर पर पुलिस ने मृतका सपना के पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



