बिजनौर पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान में चोरी का किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। बीते दिनों एक ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी के मामले में बिजनौर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। जबकि घटना में शामिल एक युवक अभी फरार है। पुलिस ने पकड़े गए चोरों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत के चोरी गए गहने बरामद किए हैं। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। बताते चलें कि बिजनौर के कमलापुर निवासी मनोज कुमार की बिजनौर बंथरा रोड स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र गेट नंबर-तीन के सामने लक्ष्मी ज्वेलर्स नामक सोने चांदी के गहनों की दुकान का शटर तोड़कर गत एक जून की रात चोरी हुई थी। जिसमें मनोज ने करीब 10 किलो चांदी का सामान और 200 ग्राम सोने के समान सहित अंदर रखे करीब डेढ़ लाख रुपए की नगदी चोरी होने की बात कही थी।

इस मामले में मनोज कुमार ने गत दो जून को बिजनौर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया था। जिसमें जांच के दौरान पुलिस ने करीब 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगाले। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर मुखबिर की सूचना पर गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे किसान पथ स्थित नटकुर अंडरपास के पास सर्विस रोड से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना नाम मूल रूप से नगराम के आदमपुर व बाजार खाला के संजयनगर निवासी प्रियांशु उर्फ दीपांशु (20), मूल रूप से बहराइच के कोतवाली शहर स्थित काजीपुरा मोहल्ला व वर्तमान में पारा थाना क्षेत्र के जलालपुर फाटक के पास चक्की वाली गली में किराए पर रहने वाले अमन (22) और बाजार खाला के दरियापुर व वर्तमान में पारा स्थित जलालपुर फाटक के पास चक्की वाली गली में किराए पर रहने वाला निलोफर उर्फ गिट्टा उर्फ गीता (23) बताया।

 

उन्होंने बताया कि उनका एक साथी बाराबंकी के गणेशपुर निवासी आकाश पांडे उर्फ सूरज भी इस घटना में शामिल था, जो फरार है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे बंद पड़ी दुकानों की रेकी करने के बाद शटर काटकर या तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद सुनसान स्थान पर सामान का बंटवारा कर अलग-अलग हो जाते थे। पुलिस ने पकड़े गए तीनों चोरों के कब्जे से एक नाक की नथ, ओम अंकित लॉकेट, एक चूड़ी, तीन सोने की चेन, एक जोड़ी पायजेब, 10 जोड़ी घुंघरूदार पायल, तीन चांदी की चेन, 12 नगदार अंगूठियां और 19 नग बिछिया सहित काफी मात्रा में चोरी के गहने और एक स्कूटी बरामद की है।

 

पुलिस का कहना है कि तीनों शातिर चोर हैं। इसमें से अमन के खिलाफ अलीगंज, बक्शी का तालाब, चिनहट, जानकीपुरम, हसनगंज, हजरतगंज, इटौंजा, कृष्णानगर, मड़ियांव और दुबग्गा थानों में कई मामले दर्ज हैं। जबकि प्रियांशु के खिलाफ अलीगंज, हजरतगंज और कृष्णानगर में, वहीं नीलोफर के खिलाफ बाजार खाला, इंदिरानगर, कृष्णानगर, तालकटोरा, अलीगंज, बंथरा, बक्शी का तालाब, हसनगंज, मड़ियांव, सरोजनीनगर और दुबग्गा थाने में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि उनके फरार साथी की तलाश कर रही है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *