नई दिल्ली। भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार जुझारूपन का परिचय देते हुए मंगलवार को दूसरे चरण के ग्रुप मुकाबले में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा दिया। दबाव भरे मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी और यशस्विनी घोरपड़े ने निर्णायक जीत दर्ज कर भारत को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।
भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पहले एकल मुकाबले में यशस्विनी घोरपड़े को यांगजी लियू ने सीधे गेमों में हराकर ऑस्ट्रेलिया को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद श्रीजा अकुला ने शानदार वापसी करते हुए मिन युंग जी को 12-10, 7-11, 11-5, 11-9 से पराजित कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरे मुकाबले में सुतीर्था मुखर्जी ने बेहतरीन संघर्ष का परिचय दिया। वह कॉन्स्टेंटिना सिहोगियोस के खिलाफ 1-2 से पीछे चल रही थीं, लेकिन शानदार वापसी करते हुए पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले को 11-8, 9-11, 8-11, 11-8, 13-11 से जीतकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
हालांकि चौथे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की यांगजी लियू ने श्रीजा अकुला को 11-8, 11-5, 11-5 से हराकर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में यशस्विनी घोरपड़े ने दबाव के बावजूद शानदार संयम दिखाया और मिन युंग जी को सीधे गेमों में हराकर भारत को 3-2 की यादगार जीत दिला दी। भारतीय महिला टीम इससे पहले श्रीलंका को 3-0 से हराकर पदक की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर चुकी है। अब ग्रुप एफ में बुधवार को उसका सामना कनाडा से होगा।
उधर, भारतीय पुरुष टीम ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे चरण के मुकाबले में शानदार शुरुआत करते हुए शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 2-0 की बढ़त बना ली। चोट से जूझ रहे मानव ठक्कर ने टीम को पहली सफलता दिलाई, जबकि तीसरे मुकाबले में मनुष शाह चुनौती पेश कर रहे थे।
इस बीच महिला वर्ग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। शीर्ष वरीय सिंगापुर को मलेशिया ने एकतरफा अंदाज में 3-0 से शिकस्त दी। मलेशिया की ऐ शिन टी, करेन इये अनाक डिक और ऐलिस ली सियान चांग ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सिंगापुर का सफाया कर दिया। अन्य मुकाबलों में इंग्लैंड ने मालदीव को 3-0 से हराया, जबकि न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को इसी अंतर से मात देकर नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें मजबूत कर लीं।










