नयी दिल्ली। कमजोर वैश्विक रुख और रुपये की मजबूती से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतें 2,640 रुपये घटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं चांदी की कीमत 5,200 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,49,640 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 2,640 रुपये टूटकर 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई।
चांदी में भी बिकवाली देखी गई और इसकी कीमत 5,200 रुपये टूटकर 2,24,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले सत्र में चांदी 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
कारोबारियों ने कहा कि रुपये की मजबूती से घरेलू बाजार में आयातित सर्राफा (सोना-चांदी) की यहां मंगाने की लागत कम हो गई। दूसरी ओर, कमजोर वैश्विक रुख और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले सावधानी के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा कमजोर रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ”सोने की कीमतों में मंगलवार को गिरावट आई और यह पिछले सत्र के बढ़े स्तर से नीचे आ गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशक सतर्क हैं। वैश्विक बाजार में हाजिर सोना की कीमत 53.30 डॉलर (यानी 1.31 प्रतिशत) गिरकर 4,023.50 डॉलर प्रति औंस रह गई और चांदी की कीमत दो प्रतिशत टूटकर 57.24 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध की सहायक उपाध्यक्ष (एवीपी) कायनात चैनवाला ने कहा कि बुधवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले डॉलर सूचकांक के एक महीने के नए उच्च स्तर 101.57 पर पहुंचने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना और चांदी की कीमतों में फिर गिरावट आई। सोना 4,030 डॉलर और चांदी 57 डॉलर प्रति औंस पर रहा।










