महिला हेल्प डेस्क, हवालात और मालखाना का किया निरीक्षण
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। दक्षिणी जोन के डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने सोमवार देर शाम मोहनलालगंज कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, हवालात, मालखाना, कार्यालय और अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
तथा निस्तारण के 15 दिन के भीतर शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए। साथ ही लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, माल मुकदमाती वाहनों के निस्तारण और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसीपी आरके सिंह व प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह मौजूद रहे।










