बीजेपी को बड़ा झटका: प्रदीप पांडेय समेत तीन नेता सपा में शामिल

शाहजहांपुर । भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए भाजपा नेता प्रदीप पांडेय तिलहर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सौरभ गांधी और भाजपा सांसद अरुण सागर के भांजे गौरव सागर के साथ भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। प्रदीप पांडेय समाजवादी पार्टी शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष के साथ जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं। एक समय में वे सपा के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव से उनकी अच्छी निकटता थी।
अखिलेश यादव के नेतृत्व में उन्हें पद से हटाकर तनवीर खान को जिलाध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद से शाहजहांपुर में सपा का चुनावों में प्रदर्शन कमजोर होता गया। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव पिछले चुनावों में पांच सौ से एक हजार वोटों से हारी सीटों की चूक को पूरा करने के लिए रणनीति अपना रहे हैं। सोमवार को प्रदीप पांडेय ने सपा में घर वापसी कर अपने साथ दो अन्य नेताओं को भी सदस्यता दिलाकर जिले की राजनीति को बड़ा संदेश दिया।
चर्चा है कि उनकी घर वापसी में तिलहर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा और सपा सांसद नीरज मौर्य भूमिका रही है। लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में अखिलेश यादव के समक्ष सपा का दामन थामने से जहां भाजपा को झटका लगा है, वहीं सपा को नई ऊर्जा मिली है।
चर्चा है कि अभी कई और बड़े भाजपा नेता सपा में शामिल हो सकते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह अभी शुरुआत है, कई बड़े भाजपा नेता सपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं।



