पत्नी के मायके जाने से आहत पति ने फांसी लगाकर दी जान

नौ माह के मासूम को लेकर मायके गई थी पत्नी, पति का शव देख बिलख पड़ी
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के कुसमौरा गांव में पत्नी के विवाद के बाद मायके चले जाने से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह कमरे में साड़ी के फंदे से युवक का शव लटकता देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुसमौरा गांव निवासी मजदूर मुकेश कुमार रावत (30) पत्नी विजय कुमारी और नौ माह के बेटे के साथ रहता था। उसकी मां नन्हकाई ने बताया कि करीब एक माह पहले मुकेश का पत्नी से विवाद हो गया था।
इसके बाद विजय कुमारी अपने नौ माह के बेटे को लेकर मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने और घर वापस लाने के लिए मुकेश कई बार ससुराल गया, लेकिन पत्नी वापस नहीं लौटी। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर परेशान मुकेश ने रविवार देर रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सोमवार सुबह परिजनों ने कमरे में उसका शव लटकता देखा तो चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पुलिस और मृतक की पत्नी को दी गई। पति की मौत की खबर पाकर मासूम बेटे को लेकर ससुराल पहुंची विजय कुमारी शव से लिपटकर बिलख पड़ी। थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



