व्यापार और जनहित में बरेली एयरपोर्ट के फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव की मांग
सेम-डे रिटर्नश् (एक ही दिन में आना-जाना) की व्यवस्था वाला शेड्यूल बने

बरेली। बरेली एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों के नए शेड्यूल को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आम यात्रियों में सेम-डे रिटर्न की सुविधा डिमाण्ड है। जनसेवा टीम ने इसमें जनहित और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखकर तुरंत बदलाव की मांग उठाई है। जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी वारसी ने कहा कि मौजूदा शेड्यूल से यात्रियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। यदि दिल्ली, नोएडा (जेवर) और नवी मुंबई के लिए उड़ानों का समय इस प्रकार तय किया जाए कि सुबह 7 या 8 बजे तक विमान उड़ान भरे, तो व्यापारी और कामकाजी लोग सुबह ही गंतव्य तक पहुंचकर अपने दिनभर के काम निपटा सकेंगे।
इसके बाद रात्रि 10 या 11 बजे तक उनकी बरेली वापसी सुनिश्चित हो सकेगी।उन्होंने कहा कि सेम-डे रिटर्नश् (एक ही दिन में आना-जाना) की सुविधा मिलने से जहां एक ओर व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आम यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत होगी। उड़ानों का समय अनुकूल होने पर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होगा, जिससे विमानन कंपनियों और बरेली एयरपोर्ट के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
जनसेवा टीम ने इस संबंध में केंद्र सरकार, नागर विमानन मंत्रालय, राज्य सरकार और बरेली एयरपोर्ट के निदेशक से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। जनहित की इस मांग को लेकर जल्द ही संबंधित उच्चाधिकारियों और एयरपोर्ट निदेशक से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।



