विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे- डॉ विनोद बिंद

सेवा संकल्प अभियान के तहत 1000 महिलाओं को वितरित की गईं साड़ियां
पायनियर। चन्दौली
मंझवा विधानसभा के ब्लॉक सिटी स्थित जीवती मवइया गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद एवं प्रमुख समाजसेविका रीना बिंद ने क्षेत्र की करीब 1000 महिलाओं को साड़ी वितरित कर उनका सम्मान किया।
साड़ी वितरण का यह लाभ ग्राम सभा दियाँव, मंझवा, सबैसर मंझवा, बेलवरिया, महामलपुर, विजय पूरा, बिरसाहपुर, मोहनपुर भवरक, माधोपुर, गुरसण्डी, पड़री, चपुरकला, जिउती और मेवली क्षेत्र से आईं जरूरतमंद महिलाओं को मिला। यह आयोजन सांसद के छोटे पुत्र अमितेश के 15वें जन्मदिन के अवसर पर भी किया गया, जहां उपस्थित हजारों महिलाओं के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाई गईं।
कार्यक्रम के दौरान भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। सांसद ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।डॉ. बिंद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा का यही संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए। इसी उद्देश्य के साथ गरीब, वंचित, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के हित में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वास्तविक विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वहीं प्रमुख समाजसेविका रीना बिंद ने अपने उद्बोधन में कहा, "यह मेरा सौभाग्य है कि अपने पुत्र का 15वां जन्मदिन 'सेवा संकल्प कार्यक्रम' के अंतर्गत हजारों माताओं-बहनों के बीच मना रही हूं।" उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि जरूरतमंद महिलाओं की सहायता और उनके सम्मान के लिए इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ. विजयमल, अलका देवी, अवधेश सिंह, धर्मेन्द्र यादव, प्रधान संघ के अध्यक्ष व्यास बिंद, प्रधान हंसलाल बिंद, आनंद बिन्द, नजरुल खान, शमीम अहमद खान, सीताराम, राजकुमार यादव, तेज प्रताप सिंह, दीपू सिंह, रामबाबू बिन्द, सोहन बिन्द, त्रिलोकी बिन्द, अभय बिंद, पवन पाल, लाल जी विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



