सिंधू और अश्मिता फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में
अश्मिता ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी यामागुची को हराकर किया उलटफेर

पेरिस । दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दोनों ने जापान की खिलाड़ियों को सीधे गेम में हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
गैर वरीय अश्मिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी और तीसरी वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची को 37 मिनट में 21-19, 21-18 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं, सिंधू ने 44 मिनट तक चले मुकाबले में रिको गुंजी को 21-12, 21-16 से शिकस्त दी।
हालांकि, अन्य भारतीय खिलाड़ियों का सफर समाप्त हो गया। महिला एकल में तन्वी शर्मा को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग ने 21-11, 21-14 से हराया। पुरुष एकल में आयुष शेट्टी चोट के कारण जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाई नाराओका के खिलाफ मुकाबले से हट गए। उस समय शेट्टी 17-21, 6-11 से पीछे चल रहे थे।



