फर्जी मोहर से दस्तावेज तैयार कर ग्राहकों से वसूले जाते थे एक हजार रुपये तक, सीएससी संचालक गिरफ्तार; तीन दिन के रिमांड पर
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
पर्वतीय कॉलोनी में कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) की आड़ में विधायक के नाम की फर्जी मोहर का इस्तेमाल कर आधार कार्ड में संशोधन से जुड़े दस्तावेज तैयार करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सारन थाना पुलिस ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतीश फागना के नाम की कथित फर्जी मोहर बनवाकर उसका इस्तेमाल करने के आरोप में सीएससी संचालक सौरभ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित अब तक 100 से अधिक लोगों के आधार कार्ड अपडेट कर चुका है। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
दस्तावेज लेकर पहुंचा तो खुला मामला
पुलिस के अनुसार पर्वतीय कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सौरभ पिछले करीब पांच वर्षों से सीएससी सेंटर चला रहा था। यहां वह लोगों के आधार कार्ड में पता और अन्य जानकारियों में संशोधन कराने के साथ विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े काम करता था। आरोप है कि आधार में कुछ प्रकार के संशोधन के लिए आवश्यक सत्यापन के नाम पर उसने विधायक सतीश फागना के नाम की फर्जी मोहर बनवा रखी थी। मामला उस समय सामने आया जब सौरभ कुछ दस्तावेज लेकर डबुआ कॉलोनी स्थित विधायक कार्यालय पहुंचा। उसने कार्यालय प्रभारी सत्यप्रकाश को दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि विधायक के हस्ताक्षर होने के बावजूद आधार कार्ड में संशोधन नहीं हो रहा है। दस्तावेजों पर विधायक के हस्ताक्षर और मोहर देखकर कार्यालय प्रभारी को संदेह हुआ। विधायक से जानकारी लेने पर पता चला कि उन्होंने ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
एक हजार रुपये तक लेने का आरोप
इसके बाद सत्यप्रकाश की शिकायत पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सारन थाना पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपित ने विधायक की कथित फर्जी मोहर का इस्तेमाल कर 100 से अधिक लोगों के आधार कार्ड अपडेट करने की बात बताई है। आरोप है कि इसके लिए ग्राहकों से एक हजार रुपये तक लिए जाते थे। थाना प्रभारी हुकम सिंह ने बताया कि आरोपित से फर्जी मोहर बनवाने, उसके इस्तेमाल की अवधि और अब तक कितने दस्तावेजों पर इसका प्रयोग किया गया, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।