स्वान टावर पर गिरी आकाशीय बिजली, कंप्यूटर व इनवर्टर फुंके

फतेहपुर बाराबंकी। सोमवार को तेज बारिश के दौरान ब्लॉक परिसर में लगे स्वान टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई।बिजली गिरने के बाद ब्लॉक परिसर में लगे कई कंप्यूटर, इनवर्टर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों ने काम करना बंद कर दिया।टावर का उपरी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
ब्लॉक कर्मियों ने बताया कि सोमवार को तेज बारिश के बीच अचानक स्वान टावर पर आकाशीय बिजली गिरी।तेज आवाज के साथ हुई इस घटना से परिसर में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी सहम गए। कुछ ही देर बाद कई कंप्यूटर और इनवर्टर के बंद होने से उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई गई।कर्मचारियों ने बताया कि उपकरणों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। गनीमत रही कि आकाशीय बिजली टावर पर गिरी और किसी कार्यालय या भवन को सीधे नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद काफी देर तक परिसर में दहशत का माहौल रहा।




