शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने पर खूनी संघर्ष, पांच घायल

शामली। कांधला थाना क्षेत्र के नाला गांव में शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घायल राजकुमार के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस का एक व्यक्ति शराब के नशे में उनके घर के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने एकजुट होकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। मारपीट में बबली, राजकुमार, उनकी बेटी सीमा, विशाल कटरा का बेटा संजू समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को परिजन कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



