सेवा संकल्प अभियान के तहत भिकियासैंण के जीनापानी में आयोजित शिविर में 734 लोगों ने किया प्रतिभाग

पायनियर समाचार सेवा। अल्मोड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड भिकियासैंण के राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की उपस्थिति में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित 454 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित 143 प्रमाण-पत्रों एवं विभागीय सेवाओं के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में प्राप्त 20 आवेदनों/जनसमस्याओं का शत-प्रतिशत निस्तारण मौके पर ही किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, खंड विकास गोपाल सिंह नेगी सहित समस्त विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।



