मीरगंज पुलिस ने बिजली तार चोरी का किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने ग्राम गुला के जंगल में बिजली के तार और अन्य विद्युत उपकरण चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, घटना में प्रयुक्त पिकअप और एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात ग्राम गुला के जंगल में बिजली के तार और अन्य विद्युत संसाधन चोरी किए गए थे। इस मामले में 20 अक्टूबर को केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड के सहायक प्रबंधक शिखर प्रताप सिंह की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।21 और 22 अक्टूबर की मध्यरात्रि को पुलिस टीम हाईवे से जौनेर जाने वाले रेलवे फाटक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश मौर्य, अरविंद मौर्य, ठाकुरदास और सुमित निवासी मंसूरगंज, थाना बहेड़ी तथा विपिन निवासी ग्राम खाता, थाना देवरनियां के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप, दो डेडन, तार के दो बंडल, 60 आर मैरड, दो लाइन स्पैनसर, एक सीसी रिंग, तीन गिरडिंग रिंग, तार का एक ज्वाइंट, तीन जी रिंग, एक रिग्रिड, एक एजीएस क्लैंप, 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ग्राम गुला में बिजली के खंभे के पास से सामान चोरी कर पिकअप में रख लिया था। चैकीदार के जागने पर वे वाहन समेत सामान जंगल में छिपाकर चले गए थे। बाद में सामान लेने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी का कुछ सामान उनके दो साथी गजेंद्र और समीर अपने साथ ले गए थे।



