सेक्टर-10 में स्क्रैप गोदाम धधका, कई लाख का सामान जलने की आशंका

- बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लपटें और धुएं का गुबार देखकर मची अफरा-तफरी
- दमकल की कई टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
सेक्टर-10 स्थित एक स्क्रैप गोदाम में वीरवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा स्क्रैप तथा अन्य सामान धू-धूकर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी में कई लाख रुपये का सामान जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, घटना वीरवार दोपहर करीब एक बजे की है। आग लगने के समय गोदाम में मजदूर काम कर रहे थे। आग की सूचना मिलते ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। गोदाम में काम करने वाले मजदूरों के मुताबिक, गोदाम के पास से गुजर रहे बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास फैलने से रोकने का प्रयास किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान गोदाम में रखा काफी सामान जल गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



