सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर विवाद, फायरिंग और तोड़फोड़
पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार

संजय कॉलोनी में दो पक्ष भिड़े, पिस्तौल से फायरिंग का आरोप
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद
संजय कॉलोनी में गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट, फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ तक पहुंच गया। घटना 24 सितंबर की बताई जा रही है। मामले में पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने कार्रवाई करते हुए मनोज भाटी और उसके बेटे भविष्य भाटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार संजय कॉलोनी निवासी विजयपाल सिंह ने शिकायत दी कि सारन रोड पर जवाहर कॉलोनी निवासी मनोज भाटी ने सरिया की दुकान खोली है। मनोज भाटी द्वारा गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगाया जा रहा था। स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

बेटा और साथियों को बुलाने का आरोप
शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान मनोज भाटी ने अपने बेटे भविष्य भाटी, कमल सहित करीब आठ-दस युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि भविष्य भाटी ने पिस्तौल से फायरिंग की, जबकि अन्य युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। इस दौरान गली में खड़ी तीन-चार गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का आरोप है। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कांटा लगाने का विरोध किए जाने के बाद कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मनोज भाटी ने फोन कर अपने बेटे और अन्य साथियों को बुलाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।-------------------



