राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास नाले में मिला सफाईकर्मी का शव, मची सनसनी

बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जीजीआईसी के पास बुधवार को नाले में एक सफाईकर्मी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि नाले में गिरने से उसकी मौत हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान बेगमगंज निवासी चंदन के रूप में हुई है, जो नगर पालिका परिषद नवाबगंज में बतौर सफाईकर्मी कार्यरत था। नाले में शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी कोमल भी मौके पर पहुंचीं। रोते-बिलखते हुए उन्होंने बताया कि चंदन को शराब पीने की लत थी। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। मामले की जानकारी देते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के नशे में नाले में गिरने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



