समाधान दिवस में डीएम ने एक्सईएन को लगाई फटकार

- 181 शिकायतों मे से मौके पर 23 निस्तारित
- सम्पूर्ण समाधान मे सुनवाई करते डीएम शशांक त्रिपाठी व अन्य
पायनियर संवाददाता।अयोध्या/ मवई
डीएम शशांक त्रिपाठी ने शनिवार को रुदौली तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतें सुनी। कहा कि गुणवत्ता पूर्ण ढंग से समय के साथ शिकायतों का निस्तारण करें।
रुदौली नगर में घोसियाना मुहल्ले के मकसूद आलम नूरी ने शिकायत किया गुलाम दस्तगीर कालोनी मे लकड़ी के बांस बल्ली के सहारे मानक के विपरीत कनेकशन दे दिया नीचे लटकती केबिल से राहगीरो व स्कूली वाहनों व पैदल जाने वाले बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है शिकायत पर डीएम शशांक त्रिपाठी ने बिजली विभाग के एक्सईएन रोहित जैन को कड़ी फटकार लगाई। रुदौली नगर के जेई रितेश वर्मा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने एक्सईएन को तत्काल रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए। । ग्राम गोगावा निवासी विक्रमपाल सिंह ने जिलाधिकारी को फर्जी निस्तारण कर बार बार गलत रिपोर्ट भेजनें वालों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की मांग की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें तथा विवादों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखें।
श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों से कहा कि जवाबदेही तय की जाए। शिकायतकर्ता को निस्तारण की कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस विधायक राम चन्द्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ । इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों द्वारा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 181 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 23 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, उपजिलाधिकारी न्यायिक रुदौली लखन सिंह राजपूत, तहसीलदार रुदौली विजय कुमार गुप्ता, तहसीलदार न्यायिक रुदौली विजय प्रकाश तिवारी, नायब तहसीलदार रुदौली प्रतीक श्रीनेत, सीओ रुदौली अरविन्द सोनकर , बीडीओ अखिलेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।



