सड़कों पर पटाखे जैसी आवाज निकालना पड़ेगा भारी, कैराना में पांच बाइकों पर कार्रवाई

-तीन बुलेट समेत पांच मोटरसाइकिलें पुलिस के निशाने पर, दो दिन चलाया गया विशेष अभियान
कैराना। सड़कों पर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली मोटरसाइकिलों के खिलाफ कैराना पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार और शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की। इनमें तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट, एक बजाज सीटी-100 और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में आई तीन बुलेट में से एक बिना नंबर प्लेट के चल रही थी। पुलिस अधीक्षक एन पी सिंह के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि तेज आवाज निकालने वाली मोटरसाइकिलों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



