पुलिस महकमे में फेरबदल, रवीना त्यागी बनीं जिले की एसपी

बाराबंकी। शासन ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले करते हुए 20 आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इसमें बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय का भी तबादला किया गया है। उनके स्थान पर 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। रवीना त्यागी इससे पहले लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थीं। वहीं 2017 बैच के आईपीएस अर्पित विजयवर्गीय को बाराबंकी एसपी पद से हटाकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यकाल में बाराबंकी पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ विभिन्न मामलों में सक्रिय कार्रवाई की। नई पुलिस कप्तान रवीना त्यागी के सामने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पुलिसिंग को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।



