फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.43 करोड़ की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार

फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर 4,43,68,974 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान करनाल निवासी जतिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति ने 24 अक्टूबर 2025 को शिकायत दी थी कि डेटिंग वेबसाइट के माध्यम से उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई थी। बाद में युवती ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया। ठगों ने एक वेबसाइट पर उसका ट्रेडिंग खाता खुलवाया। पीड़ित ने अप्रैल से जून 2025 के बीच अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से 4.43 करोड़ रुपये से अधिक निवेश कर दिए। पुलिस के अनुसार रकम निकालने का प्रयास करने पर पैसे वापस नहीं मिले। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि जतिन ने रोहित से बैंक खाता लेकर आगे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार जतिन बीटेक पास है और पहले चंडीगढ़ स्थित एक क्लब का संचालक रह चुका है। आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
----------
----------
----------
----------
--------

एपीके फाइल भेजकर 97 हजार की ठगी, खाता उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबादकेवाईसी कराने के नाम पर महिला के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर 97 हजार रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 19 वर्षीय लक्की निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह खाता उपलब्ध कराने की भूमिका में शामिल था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जवाहर कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी कि 15 सितंबर 2026 को उसने अपने एयरटेल सिम का रिचार्ज कराया था, लेकिन डाटा योजना के अनुसार सेवा नहीं मिली। उसने गूगल पर ग्राहक सेवा का नंबर तलाशकर फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को एयरटेल का अधिकारी बताया और केवाईसी के लिए उसके व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी। महिला के अनुसार फाइल खोलने के बाद मोबाइल की स्क्रीन काली हो गई और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 97 हजार रुपये कट गए। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लक्की ने खाताधारक मानव से बैंक खाता लेकर उसे अभिषेक को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार ठगी की 97 हजार रुपये की रकम मानव के खाते में आई थी। लक्की 10वीं पास और बेरोजगार है। मामले में अभिषेक और मानव सहित तीन आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। लक्की को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



