पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नगर निगम का बड़ा कदम

निजी पार्किंग शुल्क में कमी प्रथम चरण में पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था
पायनियर संवाददाता। वाराणसी
उत्तर प्रदेश नगर निगम (पार्किंग स्थान का सन्निमार्ण, अनुरक्षण और प्रचालन) नियमावली, 2025 के अन्तर्गत 25 सितम्बर 2026 को वाराणसी स्मार्ट सिटी स्थित सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबन्ध समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शहर की पार्किंग एवं ऑटो/ई-रिक्शा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, यातायात संचालन को सुगम बनाने तथा आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
बैठक में निजी पार्किंग संचालकों के शुल्क में कमी का निर्णय लिया गया। अपनी निजी भूमि पर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों से नगर निगम द्वारा लिये जाने वाले शुल्क को कुल मासिक आय के 17 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत तथा दूसरे की निजी भूमि एग्रीमेंट पर लेकर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों के शुल्क को 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत किया गया।
प्रथम चरण में पांच स्थानों पर बनेगा पिक एंड ड्रॉप स्थल
शहर में ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्रॉप स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थलों पर वाहन केवल यात्रियों को उतारने अथवा बैठाने के लिए रुकेंगे और इसके बाद तत्काल रवाना होंगे। स्थायी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
प्राथमिकता के आधार पर इंग्लिशिया लाइन, पाण्डेयपुर-आजमगढ़ रोड, चौकाघाट पुल के पास, आशापुर-सारनाथ रोड, मैदागिन कोतवाली के सामने, पड़ाव, लंका, बसंत कॉलेज के बगल राजघाट, कलेक्ट्री फार्म तथा दुर्गाकुण्ड ऑटो स्टैण्ड सहित अन्य स्थलों को चिन्हित किया गया है।
प्रथम चरण में इनमें से पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित किये जाएंगे। संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) से समन्वय कर आवश्यक चिन्हांकन, थर्मोप्लास्ट पेंट एवं संकेतक बोर्ड लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा एवं स्टॉप लाइन पेंटिंग
शहर के 20 प्रमुख चौराहों/स्थलों पर जेब्रा पेंटिंग एवं स्टॉप लाइन पेंटिंग करायी जाएगी। इसके लिए संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता स्थलों का चिन्हांकन कर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
पाण्डेयपुर चौराहे से सीकड़ लगाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा महानगर सीमा तक पिक एंड ड्रॉप के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिये गये।
लहरतारा पुल के नीचे क्षेत्र का होगा सुन्दरीकरण
लहरतारा पुल के नीचे बस पार्किंग एवं पुलिस चौकी के आसपास के क्षेत्र का सुन्दरीकरण कराने तथा आई.पी. विजया मॉल के पास वाहन पार्किंग विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
कैंट क्षेत्र के सामने ऑटो चालकों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े किये जाने से उत्पन्न यातायात समस्या पर समिति ने संज्ञान लेते हुए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिये।



