पॉक्सो एक्ट का वांछित राजस्थान से गिरफ्तार

काकोरी पुलिस ने जोधपुर जिले में दी दबिश, ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर न्यायालय में किया पेश
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। काकोरी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त को राजस्थान के जोधपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, थाना काकोरी में पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसके राजस्थान में छिपे होने की जानकारी मिली।
जहां पुलिस टीम ने गत नौ अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे राजस्थान के जोधपुर जिले में थाना बिलाड़ा क्षेत्र के भावी बस स्टैंड के पास दबिश देकर अभियुक्त ओमप्रकाश सरोज पुत्र बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ग्रीन सिटी, दादूपुर रोड, थाना बंथरा, लखनऊ का निवासी बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गत 10 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे न्यायिक मजिस्ट्रेट, बालेसर (जोधपुर) के न्यायालय से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया। इसके बाद पुलिस टीम अभियुक्त को लेकर लखनऊ पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।



