हरिद्वार में ग्राहकों को बुलाने को लेकर भिड़ीं महिलाएं, आठ हिरासत में

रेलवे गेट के सामने दो पक्षों में गाली-गलौच और मारपीट की नौबत, पुलिस ने की कार्रवाई
सार्वजनिक स्थान पर विवाद से शांति भंग होने की आशंका, बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई
गौरव कुमार। हरिद्वार
शहर में रोडवेज बस अड्डे से सटे रेलवे गेट के सामने रविवार को ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर महिलाओं के दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौच शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंचने की नौबत आ गई। मौके पर ड्यूटी कर रही नगर कोतवाली पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों की आठ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक और रेलवे गेट क्षेत्र में चेकिंग, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की ड्यूटी पर थीं।
इसी दौरान रेलवे गेट के सामने महिलाओं के दो पक्ष आपस में विवाद करते दिखाई दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली तो सामने आया कि आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर बुलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया विवाद बढ़ने और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आठों महिलाओं को हिरासत में लिया। उनके खिलाफ कार्रवाई की है।



