सड़क किनारे मिला महिला का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

पति की मौत के बाद अकेली रहती थी महिला, मुंह से निकल रहा था झाग
सूरतगंज,बाराबंकी।मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के क्योटली गांव में रविवार सुबह सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग पर सड़क किनारे एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के क्योटली गांव निवासी सीता देवी (55) पत्नी स्वर्गीय तरुण तिवारी सड़क किनारे स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। बताया जा रहा है कि सीता देवी के कोई संतान नहीं थी। इसी कारण उनके पति तरुण तिवारी ने दूसरी शादी कर ली थी। उनकी दूसरी पत्नी सूरतगंज स्थित मकान में रहती है। पति की मौत के बाद से सीता देवी गांव में अकेले रह रही थीं। रविवार सुबह ग्रामीणों ने सीता देवी का शव घर के पास ही सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे उनकी मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही थी।
वहीं, पति की मौत के बाद महिला के अकेले रहने और उनके पास काफी जमीन होने की चर्चा के बीच ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



