नकली सोने की गिन्नियां देकर जेवर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने नकली सोने की गिन्नियां देकर महिला से सोने-चांदी के जेवर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी किए गए सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। आरोपी ठगी के जेवर बेचने के लिए रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। 27 जुलाई को शांतिनगर निवासी सुनीता गिरि टंकी रोड स्थित अपनी दुकान पर थीं। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास पहुंचीं और कम कीमत में सोने की गिन्नियां देने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर सुनीता ने अपने जेवर दोनों महिलाओं को दे दिए और उनसे गिन्नियां ले लीं। बाद में जांच कराने पर गिन्नियां नकली निकलीं। पीड़िता की शिकायत पर आदर्श मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आशीष उर्फ गौतम, उसकी पत्नी पवित्रा उर्फ गुड़िया और रिश्तेदार अंजू ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। योजना के तहत अंजू और पवित्रा ने पीड़िता से संपर्क किया और नकली गिन्नियों को असली सोने की गिन्नियां बताकर कम कीमत में बेचने का लालच दिया। विश्वास में लेने के बाद दोनों ने महिला के सोने-चांदी के जेवर हासिल कर लिए। आशीष ने घटनास्थल के आसपास रेकी कर वारदात में सहयोग किया। वारदात के बाद तीनों ने ठगी के जेवर आपस में बांट लिए। बुधवार को वे जेवर बेचने के लिए शामली रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मांग टीका, दो कानों के टॉप्स, एक लॉकेट और एक नाक की लौंग पीली धातु की बरामद की है। इसके अलावा एक जोड़ी पाजेब और दो गले की चेन सफेद धातु की मिली हैं। एक नीले रंग का हीरो कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष उर्फ गौतम निवासी नानाचिदौड़ा, थाना नरोड़ा, अहमदाबाद (गुजरात), अंजू निवासी राजवीर नगर, राजौरी गार्डन, दिल्ली और पवित्रा उर्फ गुड़िया निवासी नानाचिदौड़ा, थाना नरोड़ा, अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।



