नगर निगम मुस्तैद, पंडालों के पास नहीं रहेंगे डार्क स्पॉट्स और गड्ढे

पूजा पंडालों के आसपास चमकेगी व्यवस्था, नगर आयुक्त के दिए सख्त निर्देश, ढिलाई पर तय होगी जवाबदेही
पूजा पंडालों के आसपास नियमित कूड़ा उठान, चूना और एंटी-लार्वा छिड़काव के साथ अतिरिक्त सफाईकर्मियों की होगी तैनाती
बारिश और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज व पंपिंग की तैयारी, सीवर और पेयजल आपूर्ति की होगी जांच
पायनियर संवाददाता। वाराणसी
आगामी दुर्गा पूजा के पावन पर्व पर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने त्योहार शुरू होने से पहले ही शहर की सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, जल निकासी और सड़कों की मरम्मत जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए नगर आयुक्त ने कहा है कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
नगर आयुक्त ने समस्त जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बनने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की सूची तैयार कर स्थलीय निरीक्षण करें और संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को प्रतिदिन पंडालों के आसपास निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था बनाए रखने और कचरा इकट्ठा न होने देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मार्ग प्रकाश विभाग को श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों और पंडालों के आसपास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक कराने के आदेश दिए गए हैं, ताकि कहीं भी अंधेरा या डार्क स्पॉट न रहे। वहीं, सिविल विभाग पंडालों तक जाने वाली सड़कों के गड्ढों और पैचवर्क की मरम्मत समय से पूरी करेगा। जलकल विभाग को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और सीवर समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बारिश को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर पहले से ही नालियों/गली पिटों की सफाई और पंपिंग व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है। पंडालों के पास डस्टबिन रखे जाएंगे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों से की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रेषित करने को कहा है, ताकि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न उठानी पड़े।



