मुंबई गए युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पत्नी व उसके जीजा पर लगाया हत्या का आरोप

बाराबंकी। पत्नी के साथ मुंबई कमाने गए युवक की संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पत्नी व उसके एक रिश्तेदार पर हत्या कर देने की आशंका जताते हुए अंतिम संस्कार करने से इंकार करते हुए हंगामा किया। थाना लोनी कटरा के राजापुर (फुटहा) निवासी प्रियांशु रावत (22) बीते 12 सितंबर को पत्नी अंशिका (20) व पत्नी के जीजा जनपद लखनऊ थाना नगराम के करोरवा निवासी अजीत कुमार के साथ मुंबई कमाने के लिए गया था।
जहां सभी लोग सांता क्रूज इलाके में किराए पर रहते थे। प्रियांशु की बीते एक अक्टूबर को संदिग्ध मौत हो गई थी। पत्नी अंशिका ने फांसी लगा लेने से मौत की खबर ससुराल वालों को रिश्तेदार के माध्यम से दी थी। शनिवार सुबह लाश लेकर घर पहुंची पत्नी को विरोध का सामना करना पड़ा।बड़ी संख्या में इकट्ठा ग्रामीण व परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस व दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों ने समझा बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी किया।
पिता जितेन्द्र ने बहू व उसके जीजा पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीते मई महीने में ही शादी हुई थी। यहां बढ़िया कमाई का लालच देकर मुंबई ले जाने के बीस दिन बाद ही उसकी लाश आ गई।इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल का कहना है कि मामला मुंबई का है जो भी कार्रवाई होगी वहीं की पुलिस करेगी।



