मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 205 जोड़ों के हाथ पीले

गोण्डा। मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत एक मैरिज हाल में 205 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह कार्यक्रम में जनपद के विकास खण्ड व नगर पालिका परिषदध्नगर पंचायतों से कुल 241 जोड़े पंजीकृत थे, जिसमें से 205 जोड़ों का विवाह पूरे रीतिरिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें 188 जोडें का हिन्दू रीति रिवाज तथा 17 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से निकाह कराया गया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडाध् केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि यूपी सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पांडेय, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय संबंधित खण्ड विकास अधिकारीगण तथा अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने विवाह मण्डप पर बैठे जोडों को आर्शीवाद देते हुए वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हमारी सरकार में किसी भी गरीब की बेटी के हाथ पीले होने से नहीं बचेंगे, वो चाहे किसी जाति या धर्म से हों। जिलाधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह हेतु सरकार द्वारा 64000 रुपए प्रति जोड़े के हिसाब से वधु के खाते में दिया जाता है एवं शेष उपहार सामग्री दी जाती है।



