मेहनत लाई रंग, अंकिता मांगलिक ने लोअर पीसीएस में लहराया सफलता का परचम

- लोहाघाट की बेटी बनीं सप्लाई इंस्पेक्टर, आईएएस बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ाया पहला कदम
पायनियर समाचार सेवा। लोहाघाट। नगर की होनहार बेटी अंकिता मांगलिक ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर लोअर पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयन हासिल किया है। अंकिता की सफलता से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। राजकीय ठेकेदार राकेश मांगलिक की पुत्री अंकिता ने प्रारंभिक शिक्षा लोहाघाट के महर्षि विद्या मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार के महर्षि विद्या मंदिर से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। उन्होंने लखनऊ से बैचलर आॅफ आर्किटेक्चर और दिल्ली से मास्टर आॅफ आर्किटेक्चर की डिग्री हासिल की।
पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहीं अंकिता ने अब प्रशासनिक क्षेत्र में कदम रखा है। उनका सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने का है। अंकिता का कहना है कि सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयन उनके बड़े लक्ष्य की दिशा में पहला पड़ाव है। वह आगे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकड़िया, दानू सुतेड़ी समेत अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



