नौवें अंतरराष्ट्रीय महा योग ध्यान कुंभ का हुआ भव्य शुभारंभ

रजनी गोयल। ऋषिकेश
देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक नगरी ऋषिकेश स्थित श्री स्वामीनारायण आश्रम मुनि की रेती में आज नौवें अंतरराष्ट्रीय महा योग ध्यान कुंभ का भव्य और शुभारंभ हो गया है। पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटीज मूवमेंट और पीएमसी हिंदी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय समागम में भारत के विभिन्न राज्यों सहित 18 देशों से 10 हजार से अधिक पंजीकृत ध्यान साधक सहभागिता कर रहे हैं। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के इंक्रेडिबल इंडिया अभियान एवं आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य आंतरिक परिवर्तन से विश्व शांति के संदेश को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ परमार्थ निकेतन की साध्वी भगवती, सीबीआई के पूर्व निदेशक पदम श्री डीआर कार्तिकेयन और स्वामीनारायण आश्रम के संचालक सुनील भगत व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम के दौरान 23 से 27 अक्टूबर तक आश्रम परिसर में 24 घंटे लगातार चलने वाला 108 घंटे का अखंड ध्यान आयोजित किया जा रहा है। जिसमें साधक 6-6 घंटे की पालियों में साधना कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, परिसर में लगाए गए ऊर्जा मेले में आध्यात्मिक पुस्तकों, ध्यान साहित्य और पिरामिड विज्ञान से जुड़े आध्यात्मिक उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।



