मानव रचना यूथ कप के शुरुआती मुकाबलों में बैथल, डक स्पोर्ट्स और एमआरआईएस का दबदबा

-100 से अधिक टीमें ले रही हैं हिस्सा, डॉ. अमित भल्ला ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबाद।मानव रचना फुटबाल यूथ कप के शुरुआती मुकाबलों में विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का शुभारंभ मानव रचना शिक्षण संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. अमित भल्ला और खेल निदेशक सरकार तलवाड़ ने ट्राफी का अनावरण कर और गुब्बारे छोड़कर किया। टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्ग की 100 से अधिक टीमें भाग ले रही हैं और यह डेढ़ महीने तक चलेगा।
डॉ. अमित भल्ला ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भी भविष्य बनाने के अवसर बढ़ रहे हैं। मानव रचना बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। खेल निदेशक अगम तलवाड़ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। शुरुआती मुकाबलों में अंडर-8 वर्ग में मानव रचना स्पोर्ट्स अकादमी स्टार्स ने एमआरआईएस सेक्टर-21सी को 9-0, डक स्पोर्ट्स फुटबाल अकादमी ने जावी फुटबाल अकादमी को 11-0 और केआर मंगलम वर्ल्ड स्कूल ने एमआरआईएस को 16-0 से हराया। अंडर-10 वर्ग में एमआरएसए वारियर्स ने डक स्पोर्ट्स को 11-1, एमआरआईएस गुरुग्राम ने एसएफए को 2-1 और बैथल फुटबाल अकादमी ने एमआरआईएस को 8-0 से पराजित किया।



