महात्मा गांधी व शास्त्री जी की जयंती पर नगर निगम में फहराया गया तिरंगा, सफाईकर्मियों का हुआ सम्मान

महापौर ने दिलाई स्वच्छता व सेवा की शपथ, बोले-पीएम मोदी ने काशी से दिया था स्वच्छता का संदेश
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र संग 5100 रुपये का चेक देने का निर्देश
पायनियर। वाराणसी
नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने राष्ट्र ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद महापौर व नगर आयुक्त ने बापू व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित पार्षदों, अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता एवं सेवा की शपथ दिलाई।
इस दौरान महापौर ने कहा कि जयंती मनाने के साथ ही हमें बापू और शास्त्री जी के आदर्शों व विचारों को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यों का पालन कर ही हम एक जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने काशी की पावन धरा से ही पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया था। ऐसे में हम सभी काशीवासियों का यह परम दायित्व है कि हम अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाएं।
सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच सफाई मित्रों को महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्मानित होने वाले रामजी, सचिन, चन्दन, दीपू व अजय को दो दिनों के भीतर 5100-5100 रुपये का चेक भी प्रदान किया जाए। कार्यक्रम में भाजपा नेता अरविंद्र सिंह, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, पार्षद श्याम आसरे मौर्य, सहित कई पार्षद व अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन भैयालाल व धन्यवाद ज्ञापन अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने किया।



