लखनऊ में बैठकर प्रतापगढ़ को चूना लगा रहे थे शातिर साइबर ठग, पांच गिरफ्तार
अंतर्राष्ट्रीय सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का भंडाफोड़

प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस को खबर लगी कि कुछ शातिर दिमाग लोग लखनऊ के चिनहट इलाके (मल्हौर रेलवे स्टेशन रोड) में छिपकर देशव्यापी आॅनलाइन सट्टेबाजी और धोखाधड़ी का धंधा चला रहे हैं। फिर क्या था, साइबर थाना के निरीक्षक दिवाकर सिंह यादव और उप-निरीक्षक मो० नदीम खाँ की टीम ने तुरंत वहाँ दबिश दी और मौके से पांच शातिर नटवरलालों को दबोच लिया।
पकड़े गए इन ठगों के नाम प्रीतम समतानी निवासी कटनी म.प्र., चौधरी निशान्त निवासी सूरत गुजरात, संकेत सावलानी निवासी मैहर म.प्र., शुभम वाधवानी निवासी रीवा म.प्र. और अमरजीत साकेत निवासी रीवा म.प्र. हैं। इनकी करतूतें सुनकर आपके कान खड़े हो जाएंगे! ये लोग भोले-भाले गरीबों के नाम पर फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड बनवाते थे। हैरानी की बात तो यह है कि इनके पास से भारत के अलावा यूनाइटेड किंगडम के भी सिम कार्ड मिले हैं! ये लोग यूके और भारतीय सिमों का इस्तेमाल करके आॅनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की वेबसाइट्स चलाते थे और लोगों के करोड़ों रुपये फर्जी खातों के जरिए इधर-उधर घुमाते थे।
पुलिस ने इनके पास से जो सामान जब्त किया है, उसकी लिस्ट लंबी है। जिसमें 32 स्मार्टफोन, जिनमें आईफोन 17 प्रो, 16 और वीवो-सैमसंग जैसे महंगे फोन शामिल हैं। इसके अलावा 46 एक्टिव भारतीय सिम और दो यूके के अंतर्राष्ट्रीय सिम कार्ड, डेल लैपटॉप और आसुस डेस्कटॉप, आठ फर्जी बैंक पासबुक और सात अलग-अलग लोगों के नाम पर एक्टिव एटीएम कार्ड के साथ ही 3990 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने इन सभी पर धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और आॅनलाइन गेमिंग एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।



