खेत से घर लौट रहे दो बालकों की खारजा में डूबने से मौत

पैर फिसलने से हुआ हादसा, तलाश के दौरान पानी में मिले दोनों के शव
बाराबंकी। खेत से धान की फसल काटकर घर लौट रहे दो बालकों की रास्ते में खारजा में गिरने से डूबकर मौत हो गई। दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों के शव खारजे के पानी में उतराते मिले। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घुंघटेर क्षेत्र के रामनगर निवासी अखिलेश और मिथलेश अपने परिवार के साथ कृष्णानगर स्थित खेतों में धान की फसल काटने गए थे। शाम होने पर अखिलेश का 15 वर्षीय पुत्र अमित और मिथलेश का 16 वर्षीय पुत्र राज दोनों साथ में खेत से घर के लिए निकले थे। बताया जाता है कि रास्ते में अचानक पैर फिसलने से दोनों बालक खारजा में जा गिरे और गहरे पानी में डूब गए।
उधर, दोनों के घर पहुंचने पर जब परिजनों को उनके बारे में जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक खोजबीन की गई। इसी दौरान दोनों बालकों के शव खारजे के पानी में उतराते दिखाई दिए। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन उन्हें पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। एक साथ दो बालकों की मौत से गांव में मातम पसरा है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



