खाद्य विभाग की छापेमारी, 70 किलो सड़े-गले फल नष्ट कराए

पायनियर, बाराबंकी। नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को फल कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और केले पकाने वाले केंद्रों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान नवाबगंज, रामसनेहीघाट और हैदरगढ़ क्षेत्र में छह प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
हैदरगढ़ के बछरावां स्थित ताज फ्रूट कंपनी और आरएफ फ्रूट कंपनी के निरीक्षण में 70 किलो सड़े-गले फल, जिनकी कीमत करीब 3500 रुपये बताई गई, नष्ट कराए गए। ताज फ्रूट कंपनी में अत्यधिक गंदगी मिलने पर वाद दायर करने की संस्तुति की गई। कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस भी जारी किए गए।
खाद्य विभाग ने फल कारोबारियों को कृत्रिम तरीके से फल पकाने में कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी। साथ ही उपभोक्ताओं से अत्यधिक चमकदार और संदिग्ध फलों की खरीदारी में सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान यह अभियान जारी रहेगा।




