जिलाधिकारी सहित कई आला अधिकारियों ने किया रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण

पायनियर संवाददाता । घाटमपुर
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं नगर आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से शहर की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, *जीवीपी * पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन, कॉम्पैक्टर अड्डों एवं कूड़ा परिवहन व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से जोन-4 एवं जोन-1 में वीआईपी रोड के आसपास स्थित प्रमुख मार्गों पर बनाए गए जीवीपी बिंदुओं एवं पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशनों की कार्यप्रणाली तथा कूड़ा प्रबंधन एवं परिवहन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। मौके पर उपस्थित संबंधित कर्मचारियों से कूड़ा जनरेशन, कूड़ा एकत्रीकरण, उठान एवं परिवहन से संबंधित तकनीकी एवं वास्तविक जानकारी प्राप्त की गई।
अधिकारियों द्वारा मौके पर यह जानकारी प्राप्त की गई कि नगर निगम द्वारा हाथ ठेला एवं छोटी कूड़ा गाड़ियों के माध्यम से घनी आबादी वाले क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र कर पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है, जहां कूड़े को कॉम्पैक्ट कर निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से आगे परिवहन किया जाता है।
इसके पश्चात कचहरी के निकट स्थित जीवीपी बिंदु एवं उर्सला के पास स्थित पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इसके बाद द्वारकापुरी स्थित पोर्टेबल कॉम्पैक्टर अड्डे का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया, जहां कॉम्पैक्टर हेतु दो मशीनें स्थापित पाई गईं। अधिकारियों द्वारा कूड़े के संकलन, कॉम्पैक्शन एवं आगे के परिवहन की व्यवस्था की जानकारी ली गई।
इसके उपरांत कंपनी बाग चौराहे पर स्थित जीवीपी (Garbage Vulnerable Point) का भी निरीक्षण किया गया तथा मौके पर सफाई एवं कूड़ा उठान की स्थिति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर में खुले में पड़ा कूड़ा किसी भी दशा में दिखाई नहीं देना चाहिए। खुले में कूड़ा पाए जाने वाले सभी स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त करते हुए शहर को जीवीपी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से उत्पन्न होने वाले समस्त कूड़े का समयबद्ध ढंग से उठान एवं निर्धारित पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन/कॉम्पैक्टर अड्डों तक परिवहन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शहर में खुले में कूड़ा न दिखाई देना स्वच्छता व्यवस्था का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत विशेष रूप से सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई एवं कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए, जिससे शहर स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप में दिखाई दे।
इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वच्छता संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। सफाई व्यवस्था की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करते हुए जहां भी खुले में कूड़ा अथवा सफाई संबंधी कमी दिखाई दे, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं खुले में कूड़ा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।



