एनटीपीसी तपोवन ने शुरू किया महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम

- महिलाओं को हुनर से रोजगार की राह दिखाएगा एनटीपीसी का सिलाई प्रशिक्षण
- 16 केंद्रों पर 4 माह का सिलाई प्रशिक्षण, महिलाओं को मिलेंगी सिलाई मशीनें
- महिला कौशल विकास को बढ़ावा, एनटीपीसी तपोवन ने शुरू किया सिलाई प्रशिक्षण
पायनियर समाचार सेवा। ज्योतिर्मठ। एनटीपीसी तपोवन की ओर से सीएसआर के तहत महिला कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ज्योतिर्मठ नगर सहित 13 गांवों की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम कुल 16 केंद्रों पर संचालित किया जाएगा। चार माह तक चलने वाले प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को एक सिलाई मशीन भी प्रदान की जाएगी, ताकि महिलाएं प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
मुख्य उद्घाटन समारोह के साथ ही संबंधित ग्रामों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर चार माह के प्रशिक्षण की शुरूआत की जाएगी। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रभारी परियोजना प्रमुख राजेंद्र कुमार जोशी रहे। विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख जोशीमठ अनूप सिंह नेगी, नगर पालिका ज्योतिर्मठ की अध्यक्षा देवेश्वरी शाह तथा ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष मोहन बेंजवाल शामिल रहे। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन सुगाता दासगुप्ता, अपर महाप्रबंधक सिविल शैलेंद्र पाण्डेय, निदेशक सीसीएमसी आरके गुप्ता सहित विभिन्न ग्रामों के प्रधान एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें यशोदा पंत, मोहन लाल बेंजवाल, विक्रम सिंह, मिथिलेश फर्स्वाण, बीना देवी, रोशनी देवी और विनीता देवी आदि शामिल रहे। एनटीपीसी के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।



