दोस्त को पहाड़ से धक्का देकर हत्या, फिर झील में डूबने की कहानी गढ़ी

रील बनाते समय मोबाइल टूटने पर हुआ विवाद, अपराध शाखा एवीटीएस ने आरोपित को दबोचा
पायनियर समाचार सेवा। फरीदाबादधौज थाना क्षेत्र के सिरोही गांव में 19 वर्षीय युवक राजकुमार की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त मुफीद उर्फ मन्नू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच रील बनाते समय मोबाइल फोन टूटने को लेकर कहासुनी और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान मुफीद ने राजकुमार को पहाड़ से नीचे धक्का दे दिया। इसके बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए उसने राजकुमार के झील में डूबने की कहानी सुना दी। अपराध शाखा एवीटीएस सिकरौना की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सिरोही निवासी गौरेलाल ने शिकायत दी थी कि उनका 19 वर्षीय बेटा राजकुमार 4 अक्टूबर की शाम मुफीद के पास गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मुफीद से पूछताछ की। आरोपित ने बताया कि राजकुमार सेल्फी लेते समय सिरोही झील में गिर गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने झील में तलाश कराई, लेकिन राजकुमार का पता नहीं चला। अगले दिन 5 अक्टूबर की शाम राजकुमार का शव सिरोही पहाड़ में पड़ा मिला। परिजनों ने उसके शरीर और मुंह पर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई और मुफीद, उसके पिता जमशेद सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अपराध शाखा एवीटीएस सिकरौना ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान 6 अक्टूबर को मुफीद को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर को उसने फोन कर राजकुमार को बुलाया था। दोनों रील बनाने के लिए सिरोही झील के पास पहुंचे थे। इसी दौरान मुफीद से राजकुमार का मोबाइल फोन गिरकर टूट गया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी और हाथापाई हुई। इसी दौरान मुफीद ने राजकुमार को धक्का दे दिया, जिससे वह पहाड़ से नीचे जा गिरा। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मुफीद मौके से फरार हो गया और राजकुमार के परिजनों को झील में डूबने की बात बताकर गुमराह करता रहा। आरोपित को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।



